रायपुर। पब्लिक रिलेशन्स सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) के 46वें अखिल भारतीय जनसंपर्क सम्मेलन का आयोजन रायपुर में 20 दिसंबर से 22 दिसंबर तक किया जाएगा। यह पहला मौका है जब छत्तीसगढ़ में जनसंपर्क क्षेत्र का यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। पीआरएसआई रायपुर चैप्टर के चेयरमैन डॉ. शाहिद अली ने होटल बेबीलोन इंटरनेशनल में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।
सम्मेलन का विषय और प्रमुख आकर्षण
इस साल के सम्मेलन का विषय “राष्ट्रीय मूल्य: अंतर्राष्ट्रीय दक्षताएँ – जनसंपर्क की भूमिका” है। तीन दिवसीय सम्मेलन में राष्ट्रीय और वैश्विक महत्व के विषयों पर चर्चा होगी, जिनमें आत्मनिर्भर भारत, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कौशल विकास, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व, भारतीय संस्कृति, पीआर नैतिकता, मीडिया संचार रणनीतियां और संगठनात्मक प्रतिष्ठा शामिल हैं। सम्मेलन में 25 से अधिक विशेषज्ञ सत्र होंगे, जहां प्रसिद्ध विचारक और विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।
मुख्य अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति
डॉ. अली ने बताया कि उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय मौजूद रहेंगे। दिल्ली से राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल और उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा विशिष्ट अतिथि होंगे।
तकनीकी सत्रों का उद्घाटन पूर्व मंत्री एवं सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल और विधायक श्री अजय चंद्राकर करेंगे। वहीं, समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय राज्यपाल श्री रमेन डेका और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव उपस्थित रहेंगे।
सम्मेलन में पुरस्कार और सम्मान समारोह
सम्मेलन के दौरान जनसंपर्क प्रथाओं में उत्कृष्टता के लिए विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
छत्तीसगढ़ पब्लिक रिलेशन्स प्राइड अवार्ड वरिष्ठ पत्रकार डॉ. हिमांशु द्विवेदी, प्रो. डॉ. आलोक कुमार चक्रवाल (कुलपति), पद्मश्री डॉ. भारती बंधु (कबीर गायन), फिल्म निर्देशक अनुराग बसु और एंकर डॉ. कीर्ति सिसोदिया को प्रदान किया जाएगा।
भारतीय जनसंचार संस्थान की प्रोफेसर डॉ. अनुभूति यादव को “बेस्ट टीचर अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा।
लगभग 150 पीआर पेशेवरों को “लीडरशिप अवार्ड” और “जनसंपर्क ट्रॉफी” दी जाएगी।
देशभर के 200 से अधिक प्रतिभागी होंगे शामिल
डॉ. अली ने बताया कि इस जनसंपर्क महाकुंभ में देशभर से 200 से अधिक जनसंपर्क और मीडिया प्रोफेशनल्स, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, सरकारी और गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
1958 में स्थापित पब्लिक रिलेशन्स सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) देशभर में पीआर प्रोफेशनल्स का एक प्रतिष्ठित संगठन है। यह जनसंपर्क के क्षेत्र में नैतिकता और व्यावसायिकता के उच्चतम मानकों को बढ़ावा देता है। पीआरएसआई ने अब तक 45 राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किए हैं और यह 46वां सम्मेलन जनसंपर्क में उत्कृष्टता का जश्न मनाने का एक शानदार मंच बनेगा।
यह सम्मेलन रायपुर के होटल बेबीलोन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड में आयोजित किया जाएगा। पीआरएसआई रायपुर चैप्टर इसके आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है।
यह तीन दिवसीय सम्मेलन जनसंपर्क क्षेत्र में ज्ञान साझा करने, नेटवर्किंग और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजीत पाठक के नेतृत्व में रायपुर इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की मेजबानी करने के लिए तैयार है।


