पणजी: गोवा के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को वास्को में 4200 करोड़ रुपये की लागत से 6 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया। गडकरी ने कहा कि ये परियोजनाएं दक्षिण गोवा को बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ेंगी।
हालांकि, गडकरी गोवा की सड़कों पर अवैध कब्जों को लेकर नाराज दिखे और उन्होंने राज्य प्रशासन को जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि अगर अतिक्रमण नहीं हटा, तो वे खुद बुलडोजर लगाकर इसे हटवाने की व्यवस्था करेंगे।
अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त निर्देश
गडकरी ने कहा, “मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से मेरा अनुरोध है कि सड़क का निरीक्षण करें और जहां भी अतिक्रमण है, उसे हटाने का नोटिस जारी करें। अगर इसे समय पर नहीं हटाया गया, तो मैं खुद बुलडोजर लगाकर अतिक्रमण हटाने का इंतजाम करूंगा।” उन्होंने यह भी कहा कि फ्लाइंग जोन में जो बाधाएं आ रही हैं, उन्हें सुलझाने के लिए मुख्यमंत्री तुरंत बैठक बुलाएं। गडकरी ने नेवी के कब्जे वाली जमीन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया और कहा कि अतिक्रमण हटाकर जमीन खाली कराई जाए।
मुंबई में वाटर टैक्सी का प्रस्ताव
इसके साथ ही, नितिन गडकरी ने मुंबई के दूरदराज उपनगरों से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए 10,000 ‘वाटर टैक्सियों’ का प्रस्ताव भी रखा। गडकरी ने कहा कि ये वाटर टैक्सियां विरार, ठाणे क्रीक, और कल्याण-डोंबिवली जैसे उपनगरों से लोगों को 70 मिनट में नए एयरपोर्ट तक पहुंचाने में सक्षम होंगी।
उन्होंने बताया, “वसई-विरार से लेकर कल्याण-डोंबिवली और मुंबई के अन्य हिस्सों तक वाटर टैक्सियों के जरिए बेहतर कनेक्टिविटी हो सकती है। मैंने मुख्यमंत्री के साथ इस प्रस्ताव पर चर्चा की है और हमें मुंबई में 10,000 वाटर टैक्सियों की आवश्यकता है।”
गडकरी के इन दोनों बड़े कदमों से न केवल गोवा में बुनियादी ढांचे का विकास तेज होगा, बल्कि मुंबई में परिवहन प्रणाली भी नई दिशा में आगे बढ़ेगी।


