
सोने की चमक पड़ी फीकी: जल्द आ सकते हैं 25 हजार रुपये तक की गिरावट, शादी-विवाह वालों के लिए सुनहरा मौका
नई दिल्ली – लंबे समय से रॉकेट की रफ्तार से ऊपर चढ़ते सोने के दाम अब ब्रेक पर आने वाले हैं। एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले महीनों में सोने की कीमतों में भारी गिरावट देखने को मिल सकती है। यह गिरावट कोई मामूली नहीं, बल्कि पूरे 25 से 27 हजार रुपये तक हो सकती है। ऐसे में जिन लोगों की नजर शादी-ब्याह या निवेश के लिए सोने पर है, उनके लिए यह खबर राहत देने वाली है।


एक लाख को छूने के बाद गिरा सोना
हाल ही में अक्षय तृतीया के मौके पर भी सोने के दामों में नरमी देखी गई थी, जो आमतौर पर शुभ दिन माना जाता है और भारी खरीदारी होती है। 22 अप्रैल को सोना अपने उच्चतम स्तर यानी 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था, लेकिन उसके बाद से इसमें गिरावट जारी है। अनुमान है कि सोना 70 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक सस्ता हो सकता है।
25 से 27 हजार रुपये की संभावित गिरावट
दिल्ली सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोने का दाम अभी करीब 97,680 रुपये प्रति तोला है। लेकिन एक अंतरराष्ट्रीय गोल्ड माइनिंग कंपनी के अनुसार, यह गिरकर 70 हजार रुपये तक आ सकता है। यह गिरावट 25 से 27 हजार रुपये तक की हो सकती है।

सॉलिडकोर रिसोर्सेज पीएलसी का बड़ा दावा
गोल्ड माइनिंग कंपनी सॉलिडकोर रिसोर्सेज पीएलसी ने दावा किया है कि वैश्विक स्तर पर ट्रेड टेंशन और टैरिफ वॉर में कमी आने की स्थिति में सोने के दाम तेजी से गिर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में अभी जो सोना 3300 डॉलर प्रति औंस तक था, वह घटकर 2500 डॉलर प्रति औंस तक आ सकता है।
विशेषज्ञों की राय: सोच-समझकर करें निवेश
कमोडिटी एक्सपर्ट्स का कहना है कि फिलहाल सोने के बाजार में भारी उतार-चढ़ाव है। ऐसे में निवेशकों को अपने रिस्क प्रोफाइल को देखते हुए ही कोई फैसला लेना चाहिए। जहां एक ओर निवेशकों को सतर्क रहना होगा, वहीं आम ग्राहकों और नई खरीददारी की सोच रखने वालों के लिए यह समय सुनहरा अवसर बन सकता है।




