Raipur News: पंडरी महालक्ष्मी मार्केट में छत्तीसगढ़ की पहली मैकेनाइज्ड कार पार्किंग की जल्द होगी शुरुआत, नॉन मोटराइज्ड ट्रांसपोर्ट को मिलेगा बढ़ावा
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या को दूर करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश की पहली मैकेनाइज्ड (हाइड्रोलिक) कार पार्किंग की सुविधा पंडरी स्थित महालक्ष्मी कपड़ा मार्केट में शुरू होने जा रही है। इस सुविधा के साथ ही मार्केट में ई-कार्ट और साइकिल जैसे नॉन मोटराइज्ड ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने की योजना लागू कर दी गई है।
मैकेनाइज्ड हाइड्रोलिक पार्किंग सिस्टम के लिए कपड़ा मार्केट से सटे सिंधी गर्ल्स कॉलेज के सामने स्थान चिन्हित किया गया है। 19 जून को विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे और सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस अत्याधुनिक पार्किंग सिस्टम को तैयार करने में करीब तीन महीने का समय लगेगा।
तीन मंजिला स्टील स्ट्रक्चर, 70 लाख का प्रोजेक्ट
सूत्रों के मुताबिक, इस मैकेनाइज्ड पार्किंग में कुल 24 कारों के लिए जगह होगी। तीन मंजिला स्टील स्ट्रक्चर के माध्यम से कारों को हाइड्रोलिक सिस्टम से ऊपर-नीचे पार्क किया जाएगा। इस पर करीब 70 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। नीचे के फ्लोर में 6 कारों के लिए जगह होगी, जबकि ऊपर के दो फ्लोर पर 16 गाड़ियों का इंतजाम रहेगा। 2 पार्किंग स्लॉट बैकअप के रूप में रिजर्व रखे जाएंगे ताकि सिस्टम के संचालन में कोई रुकावट न आए।
इस पूरे प्रोजेक्ट का संचालन महालक्ष्मी कपड़ा मार्केट के व्यापारियों के द्वारा किया जाएगा। नगर निगम द्वारा ऐसी ही पार्किंग सुविधा नगर निगम मुख्यालय भवन के समीप ई-चार्जिंग स्टेशन के पास भी विकसित की जा रही है।
नागरिकों को मिलेगी बड़ी राहत
इस परियोजना से न केवल पार्किंग की समस्या से निजात मिलेगी, बल्कि ई-कार्ट और नॉन मोटराइज्ड वाहनों को बढ़ावा मिलने से मार्केट के भीतर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी नियंत्रित होगी। इससे व्यापारी और ग्राहक दोनों को बड़ी सुविधा मिलेगी।


