जमीन बेची, पैसा फंसा और फिर मिली मौत – रायपुर पुलिस ने सुलझाई सनसनीखेज मर्डर मिस्ट्री
रायपुर। राजधानी में जमीन सौदे के नाम पर की गई ठगी और फिर हत्या की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा रायपुर पुलिस ने कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक किशोर पैकरा की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी गई क्योंकि आरोपी उससे ठगे गए पैसे लौटाना नहीं चाहते थे। इसके लिए पहले से साजिश रची गई और फिर गला घोंटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
एसएसपी रायपुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिस कार से मृतक के शव को ठिकाने लगाया गया, उसे आरोपी अंकित उपाध्याय और उसकी पत्नी ने कुछ दिन पहले ही धमतरी निवासी से 60 हजार रुपये में खरीदी थी। जांच में सामने आया कि मृतक किशोर ने बजरंग नगर क्षेत्र में 30 लाख रुपये में जमीन बेची थी, जिसमें से आरोपी वकील अंकित ने 10 लाख रुपये ले लिए थे। इसके अलावा एक अन्य प्रॉपर्टी डील से मिले 18 लाख में से भी आरोपी ने मुनाफा दिलाने के नाम पर मोटी रकम हड़प ली थी।
जब किशोर ने बार-बार पैसे की मांग शुरू की, तो आरोपी दंपति ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली और दिल्ली भाग गए। रायपुर पुलिस ने दिल्ली पुलिस और एयरपोर्ट सुरक्षा की मदद से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
इस तरह रची गई हत्या की साजिश
- आरोपी ने 60 हजार में धमतरी से कार खरीदी।
- 4 हजार रुपये का ट्रॉली बैग और 4 हजार की लोहे की पेटी खरीदी गई।
- कोरबा निवासी एक व्यक्ति के आधार कार्ड से कार और इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में किराए पर मकान लिया गया।
- मृतक को यह कहकर इंद्रप्रस्थ कॉलोनी बुलाया गया कि उसके घर में गंदगी है।
- वहां उसे नहलाया गया, नाश्ता कराया गया और फिर मौका पाकर गला घोंटकर हत्या कर दी गई।
जांच और गिरफ्तारी की कहानी
एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जैसे-जैसे लेनदेन और साजिश की परतें खुलीं, पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से आरोपियों को ट्रेस कर लिया। इसके बाद दिल्ली में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस इस मामले में जल्द ही चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।


