
होटल कारोबारी विजय अग्रवाल के घर ईडी की छापेमारी, व्यापारिक जगत में मचा हड़कंप
भिलाई। शहर में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने दुर्ग के दीपक नगर स्थित होटल व्यवसायी विजय अग्रवाल के आवास पर छापा मारा। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई, जब दो गाड़ियों में सवार होकर ईडी अधिकारी मौके पर पहुंचे।


सुरक्षा गार्ड ने खोला दरवाजा, ईडी टीम ने लिया घर को कब्जे में
ईडी की टीम ने पहुंचते ही दरवाजा खटखटाया, जहां विजय अग्रवाल के निजी सुरक्षा गार्ड ने ईडी अधिकारियों से परिचय पत्र देखने के बाद दरवाजा खोला। इसके बाद आधा दर्जन से अधिक अधिकारी घर के अंदर दाखिल हुए और पूरे मकान को अपने नियंत्रण में ले लिया। घर के सभी सदस्यों को जांच में सहयोग करने को कहा गया।
दस्तावेजों की गहन जांच, पूरे दिन चल सकती है कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार ईडी अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ करते हुए वित्तीय दस्तावेजों और रिकॉर्ड्स की जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में व्यापारियों के बीच हड़कंप मच गया और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

‘सागर होटल’ के संचालक हैं विजय अग्रवाल
बता दें कि विजय अग्रवाल दुर्ग स्टेशन के सामने स्थित प्रसिद्ध ‘सागर होटल’ के मालिक हैं और स्थानीय व्यापार जगत में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। हालांकि ईडी की कार्रवाई का कारण आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन सूत्रों की मानें तो यह छापेमारी वित्तीय अनियमितताओं और संभावित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों को लेकर की गई है।
कारोबारियों में चिंता और असमंजस
ईडी की इस अचानक कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों में चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ईडी टीम द्वारा जब्त दस्तावेजों की जांच पूरी होने तक अधिकारी पूरे दिन मौके पर मौजूद रह सकते हैं। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के दौरान क्या खुलासे होते हैं।




