अवैध संबंध के शक में कुल्हाड़ी से हमला, भाजपा उप सरपंच पति की हत्या
रायपुर। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचेड़ा में सोमवार रात करीब 9 बजे एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव के उप सरपंच पति हेमलाल मिर्चे के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार आरोपी पवन कुमार मराठे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि हेमलाल और पवन के बीच पूर्व से रंजिश चल रही थी। घटना वाले दिन अवैध संबंध के शक को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में आकर पवन ने कुल्हाड़ी से हेमलाल के सिर और गले पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


