
रायपुर में गणेश झांकी के दौरान दो गुटों में भिड़ंत, लात-घूसे और ईंट-पत्थर चले, वीडियो वायरल
रायपुर। राजधानी रायपुर में गणपति बप्पा की झांकी के दौरान बीती रात जमकर बवाल हो गया। जयस्तंभ चौक के पास झांकी देखने पहुंचे दो गुटों के युवकों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान लात-घूंसे और ईंट-पत्थर भी चले। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


जानकारी के अनुसार, झांकी देखने के दौरान भारी भीड़ जुटी थी। इसी बीच आपसी धक्का-मुक्की और गाली-गलौज से विवाद शुरू हुआ। थोड़ी ही देर में युवकों के दो गुट आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर टूट पड़े। मारपीट के दौरान कई युवकों के कपड़े भी फट गए।
हालांकि, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर पहचान की कोशिश में जुटी है।





