रायपुर में ऐतिहासिक गणेश विसर्जन यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, झांकियों का किया अभिनंदन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 8 सितंबर की देर रात राजधानी रायपुर के जयस्तंभ चौक स्थित नगर निगम द्वारा निर्मित स्वागत मंच पर पहुंचे और ऐतिहासिक गणेश विसर्जन यात्रा में शामिल होकर झांकियों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने विघ्नहर्ता श्री गणेश से छत्तीसगढ़ की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने रायपुर की गणेश विसर्जन झांकी को ऐतिहासिक परंपरा का प्रतीक बताते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उनके साथ कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, विधायक मोतीलाल साहू एवं पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विगत दिवस रात 8 बजे से झांकी यात्रा की शुरुआत शारदा चौक से हुई। तेलघानी नाका, राठौर चौक और तात्यापारा होते हुए झांकियां जयस्तंभ चौक पहुंचीं और वहां से मालवीय रोड, सदर बाजार, कंकालीपारा, पुरानी बस्ती, लाखेनगर, अश्वनी नगर, सुंदर नगर व रायपुरा मार्ग से होकर महादेव घाट तक निकलीं।
इस वर्ष झांकियों में विविध पौराणिक प्रसंगों के साथ-साथ ऑपरेशन सिंदूर और राफेल विमान की झलक भी देखने को मिली। रायपुर की सड़कों पर राफेल विमान की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, वहीं एक झांकी में गणेशजी छत्तीसगढ़ी पारंपरिक परिधान में विराजमान थे। इन झांकियों को देखने शहरवासियों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में पहुंचे।
मुख्यमंत्री का स्वागत महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर, नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप समेत निगम एमआईसी सदस्य, जोन अध्यक्ष और पार्षदों ने किया।


