प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर ने प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत केंद्रीय क्षेत्र छात्रवृत्ति योजनाओं (PM–USP CSSS) के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी 15 नवंबर 2025 से बढ़ाकर 30 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
मंडल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सत्र 2025-26 हेतु नवीन एवं नवीनीकरण आवेदन राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) के माध्यम से किया जाएगा। वर्ष 2020, 2021, 2022, 2023, 2024 के नवीनीकरण आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 30 नवंबर 2025 कर दी गई है।
जिन विद्यार्थियों ने किसी कारणवश आवेदन जमा नहीं किया है, वे निर्धारित समय तक राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल www.scholarships.gov.in पर आवेदन जमा कर सकते हैं।
मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी आवेदन महाविद्यालय स्तर पर ऑनलाइन वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से तय समय सीमा में कराना होगा। ऑनलाइन वेरिफिकेशन के बिना आवेदन मान्य नहीं माने जाएंगे, जिससे पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में समस्या आ सकती है।
मंडल ने सभी विद्यार्थियों एवं महाविद्यालयों से समय पर आवेदन एवं वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।


