मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत धरसीवा विधानसभा में जनसंपर्क अभियान
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस नेशनल कोऑर्डिनेटर एवं प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती प्रीति उपाध्याय शुक्ला ने प्रेस विज्ञप्ति में जानकारी दी कि धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सोनतरा, देवगांव, पवनी एवं खैना पंचायत में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के नेतृत्व में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता योगेंद्र शर्मा, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सुश्री गुंजन सिंह, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं छत्तीसगढ़ सहप्रभारी श्रीमती सुमीता मिश्रा उपस्थित रहीं।
नेतृत्वकर्ता महिलाओं ने मनरेगा मजदूरों से प्रत्यक्ष भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा वर्तमान में वीबीजी राम जी द्वारा मनरेगा के तहत किए जा रहे कार्यों एवं नीतियों से मजदूरों को होने वाले संभावित नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण मजदूरों के रोजगार, मजदूरी और जीवनयापन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की नेताओं ने मजदूरों को आश्वस्त किया कि पार्टी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और मनरेगा को बचाने एवं मजबूत करने के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने मजदूरों से एकजुट होकर अपने हक की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं मनरेगा मजदूर उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी समस्याओं को खुलकर साझा किया।


