सेवा संकल्प अभियान से विकसित छत्तीसगढ़ की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे: मुख्यमंत्री साय

0
5
सेवा संकल्प अभियान से विकसित छत्तीसगढ़ की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे: मुख्यमंत्री साय

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा सेवा, सुशासन, संकल्प और परिणामों की यात्रा है। यह सामान्य परिवार से निकलकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्ति के असाधारण पुरुषार्थ की कहानी है।

मुख्यमंत्री साय शनिवार को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ उन करोड़ों परिवारों की ओर से धन्यवाद की अभिव्यक्ति है, जिनके जीवन में केंद्र सरकार की योजनाओं से सकारात्मक बदलाव आया है।

गरीब कल्याण को बताया मोदी सरकार की सबसे बड़ी पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में देश के लगभग 25 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करीब 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण इस दौर की सबसे बड़ी पहचान बनकर सामने आया है।

साय ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत छत्तीसगढ़ के 25.51 लाख किसानों को अब तक 11,277 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में पहुंचाई गई है। उज्ज्वला योजना से प्रदेश की लगभग 39 लाख 54 हजार महिलाओं को धुएं से राहत मिली है, जबकि जल जीवन मिशन के तहत 41 लाख 50 हजार ग्रामीण परिवारों तक नल से पानी पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन करीब 1600 आवास बनाए जा रहे हैं। पीएम जनमन योजना से 56 हजार से अधिक विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत प्रदेश के 6,691 जनजातीय गांवों के समग्र विकास पर कार्य किया जा रहा है।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ को बताया राजनीतिक नेतृत्व की संकल्प शक्ति का परिणाम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की एकता और अखंडता को मजबूती मिली है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के साथ बाहरी और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत किया गया। उन्होंने उरी हमले के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा के बाद बालाकोट एयर स्ट्राइक और पहलगाम आतंकी हमले के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को देश के राजनीतिक नेतृत्व की संकल्प शक्ति का परिणाम बताया।

बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व से प्रदेश को दशकों पुरानी नक्सल समस्या से मुक्ति की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति का नया सूर्योदय हुआ है।

17 सितंबर को प्रदेशवासी जलाएंगे ‘आशीर्वाद का दीया’
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर होगी। शाम 7 बजे छत्तीसगढ़ सहित देशभर में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घर में एक दीप जलाकर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं और आशीर्वाद देने की अपील की।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की विशेष भागीदारी रहेगी। अभियान में बच्चों और युवाओं को भी जोड़ा जाएगा। करीब 25 हजार शिक्षण संस्थानों और 50 लाख विद्यार्थियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।

‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ के तहत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विद्यालय स्तर पर 18 सितंबर को ड्राइंग तथा 19 सितंबर को प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता प्रस्तावित है। वहीं ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के माध्यम से नुक्कड़ नाटक और सांगीतिक प्रस्तुतियों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और छत्तीसगढ़ में हुए बदलावों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

बस्तर में ‘सेवा संकल्प यात्रा’, सरकार आपके द्वार अभियान भी
मुख्यमंत्री ने बताया कि माताओं और बच्चों को केंद्र में रखकर ‘आंगन मिलन सेवा’ आयोजित की जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, स्वास्थ्य, मातृ-शिशु देखभाल, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान जैसी गतिविधियां होंगी।

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 23 से 25 सितंबर तक नागरिकों और संस्थाओं को कम से कम एक सेवा कार्य से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसमें रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहयोग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।

29 सितंबर को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत-2047 की भावना पर रंगोली बनाई जाएगी। विद्यार्थी, एनएसएस, एनसीसी, कलाकार और आम नागरिक इसमें हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के माध्यम से बदलते बस्तर को देश के सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ के तहत ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इनमें हितग्राहीमूलक योजनाओं के स्वीकृति-पत्र देने के साथ राजस्व संबंधी मामलों का निराकरण और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

जल संरक्षण और नवाचार पर भी रहेगा जोर
‘जल जन सेवा संकल्प’ के तहत जल स्रोतों की साफ-सफाई, जल चौपाल, जल संचय और नदी घाटों की स्वच्छता जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को ग्राम, जिला और राज्य स्तर तक पहुंचाया जाएगा। युवाओं और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित होगा।

अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा। इसकी अवधारणा ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ रखी गई है, जिसमें सेवा और सुशासन से जुड़े अनुभवों को साझा करने का मंच मिलेगा।

‘अंत्योदय’ के मंत्र पर आगे बढ़ रही भाजपा: साय
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अंत्योदय के मंत्र पर चलने वाली पार्टी है। अभियान के दौरान भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी लाभार्थियों तक पहुंचकर उनसे प्रत्यक्ष संवाद करेंगे और उनके अनुभव जानेंगे। पार्टी, मोर्चा और प्रकोष्ठ अपने-अपने लक्षित वर्गों के बीच सघन संपर्क अभियान चलाएंगे।

उन्होंने कहा कि मीडिया की भी इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका होगी। योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियां यदि संचार माध्यमों के जरिए जन-जन तक पहुंचती हैं, तो समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सेवा संकल्प अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि इसे छत्तीसगढ़ में जनभागीदारी का उत्सव बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा के भाव से जुड़कर समाज के लिए योगदान देना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में विकसित छत्तीसगढ़ की सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। पत्रकार वार्ता में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू और प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here