लगातार बारिश के बीच धमतरी में 25 सितंबर को सभी स्कूल बंद, जलाशयों से छोड़ा जा रहा पानी

0
5
लगातार बारिश के बीच धमतरी में 25 सितंबर को सभी स्कूल बंद, जलाशयों से छोड़ा जा रहा पानी

धमतरी। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के चलते कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धमतरी जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त शालाओं में 25 सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है।

त्रैमासिक परीक्षा की तिथियां अलग से होंगी जारी
वर्तमान में संचालित त्रैमासिक परीक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से अलग से दिशा-निर्देश और आदेश जारी किए जाएंगे। विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की गई है कि परीक्षा की आगामी तिथि और अन्य आवश्यक जानकारी के लिए विद्यालय अथवा संबंधित विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही अवलोकन करें।

जलाशयों में बढ़ी पानी की आवक
लगातार बारिश के कारण धमतरी जिले के प्रमुख जलाशयों में पानी की आवक बढ़ गई है। गंगरेल, मुरुमसिल्ली, दूधावा और सोंढूर जलाशयों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए विभिन्न गेटों से पानी छोड़ा जा रहा है। जिला प्रशासन ने महानदी के किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

गंगरेल के 10 और सोंढूर के 5 गेट खोले गए
जिला प्रशासन की ओर से 25 सितंबर की सुबह 8 बजे जारी जानकारी के अनुसार, गंगरेल जलाशय में 98.14 प्रतिशत, मुरुमसिल्ली में 100 प्रतिशत, दूधावा में 97.21 प्रतिशत और सोंढूर जलाशय में 88.18 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया।

गंगरेल बांध के 10 गेटों से कुल 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें 6,000 क्यूसेक पानी रुद्री बैराज से नहर में और 48,950 क्यूसेक पानी महानदी में छोड़ा जा रहा है। वहीं, मुरुमसिल्ली जलाशय से 7,286 क्यूसेक, दूधावा जलाशय से 16,606 क्यूसेक और सोंढूर जलाशय के 5 गेटों से 16,402 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।

महानदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट
जलाशयों से पानी छोड़े जाने के कारण महानदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। साथ ही अनावश्यक रूप से नदी या नालों को पार नहीं करने की सलाह दी गई है।

जलस्तर पर प्रशासन की लगातार नजर
जिला प्रशासन द्वारा जलाशयों और नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर लोगों को चिन्हांकित सुरक्षित स्थानों पर जाने और वहां सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here