छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! 8 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती, रायपुर में 7-8 अक्टूबर को रोजगार मेला

0
6
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! 8 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती, रायपुर में 7-8 अक्टूबर को रोजगार मेला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला 7 और 8 अक्टूबर 2026 को बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, रायपुर में आयोजित होगा।

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से आयोजित इस रोजगार मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में आठ हजार से अधिक पदों पर भर्ती के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मेले में प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों को शामिल किया जाएगा, ताकि युवाओं को अधिक से अधिक रिक्त पदों पर रोजगार के अवसर मिल सकें।

ई-रोजगार पोर्टल पर कर सकेंगे पंजीयन
इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से रोजगार मेले में उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही युवा रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अपना पंजीयन भी करा सकेंगे। विभाग की ओर से युवाओं से समय पर पंजीयन कराने की अपील की गई है।

मुख्यमंत्री प्रदान करेंगे ऑफर लेटर
राज्य स्तरीय रोजगार मेले के दौरान राज्य और जिला स्तरीय रोजगार मेलों में चयनित अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ऑफर लेटर प्रदान करेंगे। इसके लिए जिलों से चयनित अभ्यर्थियों की सूची 1 अक्टूबर 2026 तक भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

पंचायत और नगरीय निकायों के माध्यम से होगा प्रचार
रोजगार मेले में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों में ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिला एवं राज्य स्तरीय रोजगार मेलों में चयनित युवाओं की कार्यक्रम में उपस्थिति सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

शासन ने जिला स्तर पर अधिकारियों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और रोजगार मेले का सफल आयोजन किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here