रायपुर। कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर को अब नई पहचान मिल गई है। शासन ने गांव का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर ‘चंदनपुर’ कर दिया है। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा शुक्रवार देर रात तेज बारिश के बीच राजपत्र की प्रति लेकर गांव पहुंचे और ग्रामीणों को इसकी जानकारी देते हुए बधाई दी।
बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण उप मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए जुटे। नाम परिवर्तन की खुशी में ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और उप मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। विजय शर्मा ने ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपते हुए कहा कि गांव का नाम केवल पहचान नहीं होता, बल्कि उससे स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और जनभावनाएं भी जुड़ी होती हैं।
दस्तावेजों में भी बदलेगा गांव का नाम
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि चंडालपुर के नाम परिवर्तन का राजपत्र में विधिवत प्रकाशन हो चुका है। अब ‘चंदनपुर’ नाम सरकारी अभिलेखों और संबंधित शासकीय वेब पोर्टल में दर्ज रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे दैनिक व्यवहार और बोलचाल में भी गांव के नए नाम ‘चंदनपुर’ का उपयोग करें, ताकि आने वाली पीढ़ियां इसी नाम से गांव को जानें।
ग्रामीणों की सुविधा के लिए गांव में विशेष शिविर लगाने की भी घोषणा की गई है। शिविर के माध्यम से आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में गांव का नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी, जिससे ग्रामीणों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
सीसी रोड और सामुदायिक भवन के लिए 11.70 लाख
नाम परिवर्तन की खुशी के बीच उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गांव के विकास के लिए 11.70 लाख रुपए की घोषणा की। इस राशि से सीसी रोड और सामुदायिक भवन सहित विकास कार्य कराए जाएंगे।
विजय शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्थानीय भावनाओं को ध्यान में रखते हुए शासन के समक्ष रखा गया था। प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया, जिसके बाद मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा हुई, राज्यपाल की स्वीकृति मिली और अंततः राजपत्र में नाम परिवर्तन का प्रकाशन किया गया।
उन्होंने कहा कि ‘चंदनपुर’ नाम से गांव को मिली नई पहचान ग्रामीणों की भावनाओं के सम्मान का प्रतीक है। नाम परिवर्तन से स्थानीय पहचान को मजबूती मिलेगी और गांव की यह नई पहचान आने वाली पीढ़ियों तक कायम रहेगी।






