Ramayana Adavence Booking: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ सिनेमाघरों में आने से पहले ही टिकटों की बिक्री के चलते सुर्खियों में है। फिल्म के लिए दर्शक अभी से टिकट बुक कर रहे हैं। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 1.26 लाख टिकट बिक चुके हैं और फिल्म ने एडवांस बुकिंग से 7.10 करोड़ रुपए की ग्रॉस कमाई कर ली है। ये टिकट 3,707 शो के लिए खरीदे गए हैं।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 5 नवंबर, 2026 को दुनियाभर में रिलीज होगी। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। अभी बुकिंग जारी है, इसलिए रिलीज तक कमाई का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
महाराष्ट्र और दिल्ली से सबसे ज्यादा कमाई
फिल्म की एडवांस बुकिंग में महाराष्ट्र सबसे आगे चल रहा है। यहां से अब तक 1.93 करोड़ रुपए के टिकट बिके हैं। दिल्ली दूसरे नंबर पर है, जहां बुकिंग से 1.78 करोड़ रुपए की ग्रॉस कमाई हुई है। गुजरात से फिल्म को 49.67 लाख रुपए मिले हैं। दिल्ली-एनसीआर में भी टिकटों की मांग अच्छी है। बुधवार दोपहर 2 बजे तक इस इलाके से 1.52 करोड़ रुपए की बुकिंग दर्ज की गई थी। इसी समय तक मुंबई में टिकटों की बिक्री से 1.10 करोड़ रुपए की कमाई हुई थी।
सुबह के शो में सबसे ज्यादा ऑक्यूपेंसी
बुकिंग के आंकड़ों में सुबह और रात के शो का हिस्सा भी अच्छा है। रात 7 बजे के बाद शुरू होने वाले शो से 2.41 करोड़ रुपए की ग्रॉस कमाई हुई है। वहीं, दोपहर 12 बजे से पहले के शो के लिए 2.10 करोड़ रुपए के टिकट बिके हैं। सुबह के शो की ऑक्यूपेंसी 16% दर्ज की गई, जबकि रात के शो में यह आंकड़ा 15% रहा। अब तक फिल्म के 8 शो की सभी सीटें बिक चुकी हैं।
इन फिल्मों के मुकाबले अभी पीछे है ‘रामायण’
एडवांस बुकिंग के मौजूदा आंकड़ों में ‘रामायण’ की कमाई ‘जेलर 2’, ‘धुरंधर 2’ और ‘टॉक्सिक’ से कम है। इन फिल्मों के रिलीज के दिन की एडवांस बुकिंग के आंकड़े काफी ज्यादा रहे थे। रजनीकांत की ‘जेलर 2’ ने 41.48 करोड़ रुपए की ग्रॉस कमाई की थी। वहीं, ‘धुरंधर 2’ की एडवांस बुकिंग 62.43 करोड़ रुपए और ‘टॉक्सिक’ की 73.43 करोड़ रुपए तक पहुंची थी।
एक टिकट के लिए चुकाने होंगे 2,770 रुपए
‘रामायण’ के कुछ शो के टिकटों की कीमत भी चर्चा में है। मुंबई के लोअर परेल स्थित PVR ICON, फीनिक्स पैलेडियम में 5 और 6 नवंबर के चुनिंदा IMAX 3D शो के लिए रिक्लाइनर सीट का टिकट 2,770 रुपए का है। फिल्म को हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में भी रिलीज किया जाएगा।






