
रायगढ़ \ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बीती रात एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। मंगलवार की सुबह जब लोगों ने युवकों की लाशें देखीं, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। इस घटना के बाद से परिजनों में मातम पसर गया है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।


मिली जानकारी के अनुसार, चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महापल्ली गांव में बीती रात तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई, जिससे तीन युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीनों युवक इंड सिनर्जी प्लांट में काम करते थे और बीती रात शराब पीने कनकतुरा गए हुए थे। घर वापसी के दौरान देर रात यह हादसा हो गया।
मंगलवार की सुबह गांव के ग्रामीणों ने सड़क किनारे तीनों शवों को देखा और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही चक्रधर नगर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के ग्राम शकरबोगा गांव के पास हुई। मृतकों की उम्र 20 से 25 साल के आसपास थी। तीनों युवक इंड सिनर्जी लिमिटेड के कैंटीन के कर्मचारी थे और ठेकेदार रजत के अंडर में काम करते थे। मृतकों में दो लोग सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के और एक व्यक्ति रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र का था। तीनों एक ही मोटरसाइकिल, हीरो एचएफ डीलक्स (क्रमांक CG 13AW 6548), पर सवार थे। मृतकों के नाम उमेश, संजय पटेल और टिकेंद्र बताए जा रहे हैं।
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।




