नागपुर जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। एक नाबालिग बेटे ने अपने पिता की गला घोंटकर हत्या कर दी। बेटे ने यह कदम अपनी मां को पिता से पिटता हुआ देखकर उठाया। हत्या के बाद मां और बेटे ने मिलकर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। लेकिन जब शव को उठाने में नाकाम रहे, तो बेटे ने अपने दोस्त को मदद के लिए बुलाया। दोस्त ने सलाह दी कि वे आत्मसमर्पण कर दें। इसके बाद बेटे ने थाने जाकर अपना जुर्म कबूल किया।
शराबी पिता का अत्याचार बना हत्या का कारण
पुलिस के अनुसार, मृतक अक्सर शराब के नशे में पत्नी और बेटे के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। घटना हुड़केश्वर थाना क्षेत्र में हुई। मृतक की पत्नी उर्मिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 17 वर्षीय नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया गया है। बेटे ने दसवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है।
भोजन को लेकर शुरू हुई बहस
हत्या की रात मृतक ने अपनी पत्नी से तुरंत भोजन मांगा। पत्नी ने कहा कि खाना बन रहा है। इसी बात पर उसने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। बेटे ने बीच-बचाव किया, जिससे दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। गुस्से में बेटे ने पिता का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव को ठिकाने लगाने की कोशिश
हत्या के बाद मां-बेटे ने शव को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। उन्होंने शव को नाले या नदी में फेंकने की योजना बनाई। उर्मिला ने फिनायल से खून के धब्बे साफ किए और शव को एक बोरे में डाल दिया।
दोस्त की सलाह पर आत्मसमर्पण
शव भारी होने के कारण मां-बेटे उसे नहीं उठा सके। ऐसे में बेटे ने अपने दोस्त को बुलाकर मदद मांगी। दोस्त ने मामले को सुनने के बाद उसे आत्मसमर्पण करने की सलाह दी। दोस्त ने कहा कि वह खुद भी फंस सकता है, इसलिए पुलिस के पास जाना ही सही होगा। दोस्त आरोपी बेटे को थाने लेकर गया, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घर पहुंचकर बोरे में रखा शव बरामद किया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।


