प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भाजपा पदाधिकारियों ने सुना, नारी शक्ति के सम्मान की हुई चर्चा

रायपुर, गायत्री नगर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 119वें संस्करण को सुनने का अवसर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मिला। यह कार्यक्रम जगन्नाथ मंदिर परिसर, बूथ क्र. 99, खमरडीह में आयोजित किया गया, जहां भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल, रायपुर नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर श्रीमती मिनल चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री रमेश ठाकुर सहित कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति को समर्पित एक विशेष पहल की घोषणा की। इस पहल के तहत वे अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स देश की प्रेरणादायक महिलाओं को एक दिन के लिए सौंपेंगे, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं। यह कदम महिलाओं की भूमिका और उनके योगदान को सम्मानित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री जी ने भारत की अंतरिक्ष क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए स्पेस में सेंचुरी की बात की, जो भारतीय वैज्ञानिकों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने क्रिकेट की चैंपियंस ट्रॉफी का भी जिक्र किया, जो वर्तमान में देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस अवसर पर रायपुर नगर निगम के समस्त पार्षद एवं छाया पार्षद, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री जी के विचारों से प्रेरित होकर, सभी ने नारी शक्ति के सम्मान और देश की प्रगति में उनके योगदान को सराहने का संकल्प लिया।


