
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद रविशंकर प्रसाद ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस की मंशा और कार्यशैली पर तीखा प्रहार करते हुए इसे “कॉर्पोरेट षड्यंत्र” करार दिया।


“धरना देने का अधिकार है, लेकिन फंड और जमीन लूटने का नहीं”
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देशभर में धरना-प्रदर्शन की बात कर रही है, लेकिन उसे यह समझना होगा कि लोकतंत्र में धरना देने का अधिकार है, परंतु जमीन और फंड लूटने का कोई अधिकार नहीं।

नेशनल हेराल्ड: एक ऐतिहासिक अखबार, गांधी परिवार की जागीर कैसे बना?
उन्होंने बताया कि 1937 में शुरू हुआ नेशनल हेराल्ड, शुरुआत में 5,000 शेयर होल्डर्स के साथ एक सार्वजनिक मंच था, जिसे नेहरू खानदान की निजी संपत्ति कहना गलत है। इसके पीछे कई स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान था।
2008 में यह अखबार बंद हुआ और फिर कांग्रेस पार्टी ने 90 करोड़ रुपये की राशि एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) को दी, जो इसे प्रकाशित करती थी।
यंग इंडिया कंपनी के जरिए हुआ संपत्ति पर कब्ज़ा?
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने गांधी परिवार को संपत्ति सौंपने के लिए यंग इंडिया नाम की एक कंपनी बनाई, जिसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी का 38-38% हिस्सा था।
AJL के 9 करोड़ के शेयर यंग इंडिया को ट्रांसफर कर दिए गए, जिसके बाद दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, भोपाल, पटना जैसी जगहों की हजारों करोड़ की संपत्ति इस कंपनी के अधीन आ गई।
“चैरिटी के नाम पर धोखा, 50 लाख में हजारों करोड़ की डील”
कांग्रेस ने दावा किया कि यंग इंडिया चैरिटेबल संस्था है, लेकिन आज तक उसकी कोई चैरिटेबल गतिविधि सामने नहीं आई।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि 90 करोड़ के लोन की जगह केवल 50 लाख देकर उसे राइट ऑफ करवा लिया गया – यह करोड़ों की संपत्ति हथियाने की साजिश है।
गांधी परिवार पर गंभीर सवाल
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी बेल पर हैं और सुप्रीम कोर्ट में राहत पाने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन केवल वकील के माध्यम से पेशी की छूट मिली है।
भाजपा ने पूछा, “क्या गांधी परिवार कानून से ऊपर है? क्या कानून को अपना काम नहीं करना चाहिए?”
‘गांधी मॉडल ऑफ डेवलपमेंट’ पर तंज
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस परिवार के एक सदस्य ने हरियाणा में 3 करोड़ की जमीन खरीदकर उसे 58 करोड़ में बेचा, और इसपर कटाक्ष करते हुए कहा कि “यही है गांधी मॉडल ऑफ डेवलपमेंट।”
इतिहास से सबक: पटेल और चंद्रभानु गुप्ता की चेतावनियां
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सरदार पटेल और चंद्रभानु गुप्ता जैसे कांग्रेसी नेता भी उस समय नेशनल हेराल्ड में हो रही गड़बड़ियों को लेकर चिंतित थे। उन्होंने अपनी आत्मकथाओं और पत्रों में इसका उल्लेख किया है।
“नेशनल हेराल्ड को व्यापार और विज्ञापन का जरिया बना दिया”
भाजपा ने दावा किया कि जिस अखबार को आज़ादी की लड़ाई के दौरान ब्रिटिश राज के खिलाफ आवाज़ उठाने के लिए शुरू किया गया था, उसे कांग्रेस पार्टी ने एक “निजी व्यापार” और “विज्ञापन बटोरने का जरिया” बना दिया।
भाजपा की मांग: कानूनी कार्रवाई हो और कांग्रेस जवाब दे
रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि भाजपा यह नहीं कह रही कि कांग्रेस दोषी है, लेकिन कानून को अपना काम करने देना चाहिए।
उन्होंने कहा, “हजारों करोड़ की संपत्ति पर अगर कांग्रेस ने षड्यंत्रपूर्वक कब्जा किया है, तो क्या देश चुप रहे?”




