छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदली करवट: भीषण गर्मी से मिली राहत, कई जिलों में बारिश और आंधी…..10 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट

0
76

 

छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदली करवट: भीषण गर्मी से मिली राहत, कई जिलों में बारिश और आंधी…..10 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट

बादलों की लुका-छिपी से सूरज की तपिश में कमी

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मौसम में आए बदलाव से भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। आसमान पर बादलों की आवाजाही के कारण सूरज की तेज तपिश में कमी आई है। रायपुर में सुबह बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद तेज धूप ने लोगों को परेशान किया। प्रदेश में तापमान 43-44 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा, वहीं बस्तर और रायपुर संभाग के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

10 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़, चिरमिरी, भरतपुर, सूरजपुर, जशपुर, कोरबा, बलरामपुर और सरगुजा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट शाम 6 बजे तक के लिए प्रभावी है। इस दौरान तेज हवा, अंधड़, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

लगातार दूसरे दिन जारी हुआ यलो अलर्ट

एक दिन पहले भी मौसम विभाग ने 13 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया था। बीजापुर में सबसे अधिक 68 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, बालोद, मोहला-मानपुर, धमतरी और बलौदाबाजार जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है।

बिलासपुर सबसे गर्म, रायपुर दूसरे स्थान पर

27 अप्रैल को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रायपुर में 43 डिग्री तापमान रहा। प्रदेश में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जिले में पिछले एक सप्ताह से सबसे अधिक गर्मी रिकॉर्ड की गई है। वहीं दंतेवाड़ा और बस्तर जिलों में रात के समय न्यूनतम तापमान सबसे कम दर्ज हुआ है।

बस्तर संभाग में बारिश के आसार

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मराठवाड़ा के उत्तरी भाग से मन्नार की खाड़ी तक आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु होते हुए औसत समुद्रतल से 0.9 किमी ऊपर उत्तर-दक्षिण ट्रफ बनी हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

 

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here