ऑपरेशन साइबर शील्ड: साइबर ठगी में शामिल 4 एजेंट-ब्रोकर गिरफ्तार, अब तक 212 आरोपी सलाखों के पीछे
रायपुर – रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय रायपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बैंक खातों को खुलवाने और उन्हें ऑपरेट करने में संलिप्त 4 एजेंट-ब्रोकरों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई थाना गंज रायपुर के अपराध क्रमांक 79/25 के तहत की गई है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) बी एन एस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा द्वारा साइबर क्राइम पोर्टल में रिपोर्टेड म्यूल अकाउंट की जांच हेतु विशेष योजना तैयार की गई थी। इसी क्रम में रेंज साइबर थाना रायपुर को खाता धारकों, संवर्धकों, एजेंट-ब्रोकरों, बैंक अधिकारियों और सिम सप्लायर्स के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर यह खुलासा हुआ कि ये चारों आरोपी बैंक खाते खुद ऑपरेट करते थे तथा ठगी की रकम प्राप्त कर उसे विभिन्न खातों में ट्रांसफर करते थे। इनसे भारी मात्रा में ठगी की रकम जुड़ी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने इन चारों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं:
- सुनील वॉल्टर (25 वर्ष) – निवासी छोटा पारा, आरवीएच कॉलोनी खमतराई, रायपुर
- आरिफ मण्डावी (20 वर्ष) – निवासी डब्ल्यूआरएस कॉलोनी, खमतराई, रायपुर
- संजय सिंह ठण्डन (30 वर्ष) – निवासी टाईप 1 कॉलोनी, खमतराई, रायपुर
- मनीष कुमार वर्मा (22 वर्ष) – निवासी दुर्गा नगर, पंडरी, रायपुर
अब तक ऑपरेशन साइबर शील्ड के अंतर्गत कुल 212 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। रायपुर पुलिस की यह मुहिम साइबर ठगी पर अंकुश लगाने में लगातार सफल हो रही है।


