
छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में तेज बारिश की संभावना
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर से बदल गया है और आज का दिन खुशनुमा रहने की संभावना है। राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर, दुर्ग और अंबिकापुर जैसे कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश का यह सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा।


राजधानी रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले सप्ताह की तुलना में काफी कम है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 4 से 5 दिनों तक छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ अंधड़ और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बारिश की संभावना जिन जिलों में जताई गई है, उनमें रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बालोद, बिलासपुर, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा और बीजापुर शामिल हैं।

मौसम विभाग की चेतावनी
विशेषज्ञों का मानना है कि यह मौसम परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिणी हवाओं के सक्रिय होने के कारण हुआ है, जिससे वातावरण में नमी बढ़ी है और ठंडक घुल गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर तेज हवाओं और संभावित अंधड़ को देखते हुए। खुले इलाकों और पेड़ों के नीचे वाहन खड़े करने से बचने की हिदायत भी दी गई है।




