
भोपाल। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने सोमवार को कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम जारी कर दिए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रिजल्ट घोषित करते हुए टॉपर्स को फोन पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


इस वर्ष कक्षा 10वीं में कुल 9,53,777 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 76.42% छात्र सफल हुए। वहीं 12वीं कक्षा में 7,06,475 छात्रों ने परीक्षा दी और 74.48% विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। राज्यभर में 3,887 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षाएं संपन्न हुईं।
10वीं में प्रज्ञा जायसवाल ने रचा इतिहास
सिंगरौली की प्रज्ञा जायसवाल ने 10वीं कक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेशभर में टॉप किया। उन्होंने 500 में से पूरे 500 अंक हासिल कर मेरिट सूची में पहला स्थान प्राप्त किया। इस वर्ष 10वीं की मेरिट लिस्ट में कुल 212 छात्र शामिल हुए, जिनमें 144 छात्राएं और 68 छात्र हैं। यह आंकड़ा साफ़ दर्शाता है कि इस बार भी बेटियों ने बाजी मारी है।

12वीं में प्रियल द्विवेदी बनीं प्रदेश टॉपर
सतना की प्रियल द्विवेदी ने 12वीं में टॉप करते हुए 500 में से 492 अंक हासिल किए। उनकी सफलता ने न केवल उनके परिवार और विद्यालय को गौरवान्वित किया बल्कि पूरे जिले को भी गर्व का अवसर दिया। 12वीं की मेरिट लिस्ट में कुल 159 छात्रों ने स्थान बनाया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दोनों टॉपर्स से बात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।




