
महापौर मीनल चौबे ने जोन 10 की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश: नालों की गहन सफाई और अवैध पाटों को हटाने के आदेश
रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आज जोन 10 कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मानसून पूर्व तैयारी को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में निगम जलकार्य विभाग अध्यक्ष श्री संतोष सीमा साहू, एमआईसी सदस्य डॉ. अनामिका सिंह, जोन अध्यक्ष श्री सचिन बी. मेघानी, जोन कमिश्नर श्री विवेकानंद दुबे समेत अन्य अधिकारी व पार्षद उपस्थित रहे।


महापौर ने मानसून के पहले जोन 10 के सभी सात वार्डों में स्थित बड़े नालों की 2-3 बार गहन सफाई कर गंदे पानी की निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नालों और नालियों पर बने अवैध पाटों को तोड़कर सफाई करवाने के लिए सख्त निर्देश दिए गए। महावीर नगर नाले के भीतर से पेड़ हटाने के भी निर्देश बैठक में दिए गए।
उन्होंने गर्मी के दौरान जलापूर्ति की सतत निगरानी कर प्रत्येक वार्ड में नियमित और सुचारु रूप से पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही वार्डों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को भी बेहतर करने के निर्देश दिए।

अमृत मिशन योजना के अंतर्गत पेयजल समस्याओं का त्वरित समाधान
महापौर ने अमृत मिशन योजना के तहत जोन 10 में चल रहे पेयजल आपूर्ति कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर वार्डों का निरीक्षण कर समस्याओं का तुरंत निराकरण करने के निर्देश दिए।
सड़क पर जलभराव की शिकायत पर शीघ्र समाधान के निर्देश
पंडित विद्याचरण शुक्ल वार्ड के पार्षद ने सड़क पर जलभराव की समस्या उठाई, जिस पर महापौर ने संबंधित अधिकारी को तत्काल स्थल निरीक्षण कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
विकास कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी पर विशेष जोर
महापौर ने सभी वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए सतत निगरानी करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। वहीं, जल कार्य विभाग अध्यक्ष श्री संतोष सीमा साहू ने जोन 10 के जोन कमिश्नर को विकास शुल्क मद से पार्षदों के समन्वय में नाली व पेयजल समस्याओं को दूर करने के सुझाव दिए।
महापौर ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से हो और जनहित में जोन स्तर पर प्रभावी कार्य किया जाए।




