
बड़ी खबर : रायपुर में भीषण सड़क हादसा: तेज़ रफ्तार ट्रक ने युवती को कुचला, मौके पर मौत
रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा रिंग रोड पर शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। 27 वर्षीय युवती तान्या रेड्डी की स्कूटी को पीछे से आ रहे तेज़ रफ्तार ट्रक ने बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि तान्या की मौके पर ही मौत हो गई।


घटना के बाद आसपास के लोगों में आक्रोश फैल गया और अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह जाम हो गया। गुस्साए राहगीरों ने सड़क पर विरोध जताते हुए जाम लगा दिया, जिससे ट्रैफिक कई किलोमीटर तक ठप हो गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार

तेलीबांधा थाना पुलिस को सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद फरार हुए ट्रक चालक को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब इस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और ट्रक को जब्त कर लिया गया है। इलाके में हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं, लेकिन लोगों में अब भी गुस्सा और दुख व्याप्त है।




