जांजगीर-चांपा जिले में नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर दैहिक शोषण करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत पर 14 मई 2025 को थाना चांपा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देशन में अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में आरोपी की खोजबीन तेज कर दी गई। इसी बीच, मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रोहन सिंह राजपूत, निवासी मोदी चौक, वार्ड क्रमांक 10, चांपा ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का अपराध किया है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी रोहन सिंह राजपूत को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और दैहिक शोषण करने का अपराध स्वीकार किया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और नाबालिग को सुरक्षा प्रदान की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने कहा कि नाबालिगों के प्रति अपराध को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह के गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है ताकि पीड़ितों को न्याय मिले।


