रायपुर: राजधानी रायपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लूट की वारदात का खुलासा कर दिया है। सतर्कता और तेज कार्रवाई से पुलिस ने न केवल एफआईआर में दर्ज 4 लाख रुपये की लूट को सुलझाया बल्कि 15 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह लूट 30 अप्रैल की रात करीब 9 बजे हुई थी। रायपुर की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी से जुड़े कलेक्शन एजेंट से लौटते वक्त चार लाख रुपये की लूट की गई थी। एजेंट पैसे की वसूली कर वापस आ रहा था, तभी अज्ञात लुटेरों ने उसे रोककर वारदात को अंजाम दिया।
जांच के दौरान पता चला कि घटना के तुरंत बाद आरोपी राजस्थान की ओर फरार हो गए। कुछ आरोपी श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में पाकिस्तान सीमा से सटे गांवों में जाकर छिप गए थे। सीमावर्ती जटिलताएं और सीजफायर की स्थिति का फायदा उठाकर वे पुलिस की पकड़ से दूर रहने का प्रयास कर रहे थे।
रायपुर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की। स्थानीय एजेंसियों के सहयोग से सीमावर्ती क्षेत्रों में दबिश दी गई। कड़ी मेहनत और सटीक योजना के चलते टीम ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 लाख रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह कार्रवाई रायपुर पुलिस की सतर्कता और समर्पण का परिणाम है। सीमावर्ती क्षेत्रों में भी आरोपियों तक पहुंचना टीम के लिए एक बड़ी चुनौती थी, जिसे सफलता पूर्वक अंजाम दिया गया।
पुलिस की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से शहरवासियों में संतोष है। लोगों का कहना है कि रायपुर पुलिस की सक्रियता ने अपराधियों में खौफ पैदा कर दिया है।


