
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अजय देवगन अपनी दमदार अदाकारी और बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि युद्ध कोई नहीं चाहता, लेकिन जब कोई विकल्प न बचे, तो वही एकमात्र रास्ता होता है।


अजय देवगन ने कहा, “कोई भी युद्ध नहीं चाहता है, लेकिन जब कोई विकल्प नहीं बचता है, तो मुझे लगता है कि वाकई कोई विकल्प नहीं रहता। सशस्त्र बलों और हमारे प्रधानमंत्री को सलाम है। उन्होंने वह किया, जो करना चाहिए था, और बहुत ही शानदार तरीके से किया।”
यह बयान उन्होंने कराटे किड के हिंदी वर्जन के ट्रेलर लॉन्च के दौरान दिया।
अजय देवगन ने हाल ही में अपने बेटे युग के साथ हॉलीवुड फिल्म “कराटे किड लीजेंड्स” के हिंदी वर्जन में डबिंग की है। इस पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है।

अजय ने बताया, “मुझे युग पर गर्व है। जब डबिंग की रिहर्सल हुई, तो टीम से फोन आया कि पहले दिन की रिहर्सल इतनी अच्छी है कि हम उसमें से कुछ हिस्से रखना चाहते हैं। यह सुनकर मुझे बेहद खुशी हुई।”
अजय देवगन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि घर आने के बाद युग ने नखरे दिखाने शुरू कर दिए कि अब मैं काम कर रहा हूं और थक गया हूं। जब युग से सलाह देने के बारे में पूछा गया तो अजय ने कहा, “मैंने कोई खास सलाह नहीं दी, बस यही कहा कि आत्मविश्वास बनाए रखो।”
अजय देवगन के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। लोग न सिर्फ ऑपरेशन सिंदूर पर उनके बयान की सराहना कर रहे हैं, बल्कि युग की आवाज में आने वाली फिल्म का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।




