
जोन क्र. 9 में साफ-सफाई, स्वास्थ्य और बिजली व्यवस्था को लेकर हुई अहम बैठक
रायपुर। मोतीलाल वार्ड क्रमांक 9 और नगर निगम जोन 9 के अध्यक्ष गोपेश साहू ने आज जोन क्रमांक 9 में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में रायपुर स्वास्थ्य विभाग, सफाई विभाग, बिजली विभाग के अधिकारीगण और जोन के सभी पार्षद उपस्थित रहे।


बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं को लेकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था। अध्यक्ष गोपेश साहू ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त सुझावों और शिकायतों का तुरंत निराकरण करें, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं साझा कीं और समाधान के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। अधिकारियों ने भी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। बैठक का माहौल सौहार्दपूर्ण और समाधान केंद्रित रहा।





