Weather update : 21 अप्रैल से मिलेगी गर्मी से राहत, छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश के आसार
रायपुर। प्रदेशभर में उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं, लेकिन राहत की खबर है कि 21 अप्रैल से मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 48 घंटों में छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
बुधवार से प्रदेश में मध्यम से तेज तूफानी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। वहीं अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन उसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ में यह गिरावट अधिक स्पष्ट हो सकती है।
रायपुर में सबसे अधिक तापमान, पेंड्रारोड में सबसे कम
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में सबसे ज्यादा गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मानसून के आगे बढ़ने के संकेत
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पूर्व मानसून अगले एक-दो दिनों में दक्षिण अरब सागर, मालदीव, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान द्वीप और मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में सक्रिय हो सकता है। इससे प्रदेश में मौसम में और अधिक परिवर्तन देखने को मिल सकता है।
वर्तमान मौसमीय स्थिति
फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ 61° पूर्व और 30° उत्तर अक्षांश पर मध्य क्षोभमंडल में सक्रिय है। इसके साथ ही एक द्रोणिका मध्य पंजाब से उत्तर बांग्लादेश और दूसरी पश्चिमी विदर्भ से उत्तर कर्नाटक तक फैली हुई है। इनके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, अंधड़ और वज्रपात की संभावना है।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।


