राजधानी को अपराध और नशे से मुक्त करें – कन्हैया अग्रवाल

0
74

राजधानी को अपराध और नशे से मुक्त करें – कन्हैया अग्रवाल

कांग्रेसजनों ने SSP को सौंपा ज्ञापन, अवैध धंधों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

रायपुर। राजधानी रायपुर में बढ़ते अपराध और नशे के व्यापार को लेकर कांग्रेस ने सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह को ज्ञापन सौंपकर शहर को अपराध मुक्त करने की मांग की।

कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि रायपुर नशे और सट्टेबाजी का गढ़ बनता जा रहा है। शहर में 90 प्रतिशत अपराध नशे के सेवन और धंधे से जुड़े लोगों द्वारा किए जा रहे हैं। छोटे-बड़े होटलों और क्लबों में देर रात तक नशा परोसा जा रहा है। अवैध शराब, गांजा, सिरप, टैबलेट जैसे मादक पदार्थ गली-गली में खुलेआम बेचे जा रहे हैं। नेहरू नगर, कालीबाड़ी, संतोषी नगर, टिकरापारा, काशीराम नगर जैसे कई क्षेत्रों में नाबालिगों से यह गोरखधंधा करवाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि नशे के धंधे और सट्टा लिखने के लिए अपराधी मासूम बच्चों का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह चिंता का विषय है कि झगड़े और क्षेत्रीय कब्जे को लेकर आए दिन चाकूबाजी और हत्या जैसी घटनाएं हो रही हैं। बुढ़ापारा और काशीराम नगर जैसी घटनाएं इसका प्रमाण हैं।

कन्हैया अग्रवाल ने आरोप लगाया कि इन अवैध कारोबारों को कुछ हद तक शासन-प्रशासन का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण यह कारोबार खुलेआम फल-फूल रहे हैं। उन्होंने मांग की कि गांजा, अफीम, चरस, शराब, सट्टा और अन्य नशे के धंधों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाए और दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस जन जनसहयोग से बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री शारिक रईस खान, मनोज सोनकर, समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक, नंदकुमार पटेल, सुरेश बाफना, राजेश केडिया, दाऊ गोस्वामी, मोहम्मद आसिफ (असू), रवि शर्मा, राजेश त्रिवेदी, देवेंद्र पवार, मुनेश गौतम, श्रेयांश शुक्ला, नितिन ठाकुर, पिंटू बैद, प्रतीक तिवारी और अजय दास सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित थे।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here