Raipur crime news : रायपुर युवक-युवतियों के बीच देर रात मारपीट, वीडियो वायरल – पुलिस ने दर्ज किया मामला 

0
262

Raipur crime news : रायपुर युवक-युवतियों के बीच देर रात मारपीट, वीडियो वायरल – पुलिस ने दर्ज किया मामला 

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेवघाट इलाके में देर रात युवक और युवतियों के बीच जमकर मारपीट हुई। यह घटना उस समय हुई जब कुछ युवक-युवतियां बर्थडे पार्टी के बाद घूमने निकले थे। उसी दौरान वहां मौजूद कुछ अन्य युवकों से विवाद इतना बढ़ गया कि मामला गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। जानकारी के अनुसार, विवाद में शामिल युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने युवतियों से अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी, जिससे कुछ युवतियां घायल हो गईं। एक युवती की उंगली पर गंभीर चोट आई है और उसे दांत से काटा गया है, वहीं दूसरी युवती के चेहरे पर भी चोटें आई हैं।

इस मामले में सत्यम विहार निवासी एक युवती ने डीडी नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी युवक ने युवतियों से कहा, “तुम लोग यहां क्यों आए हो?” इस बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो मारपीट में बदल गई। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हमला किया और एक युवती की उंगली को दांत से काटने की पुष्टि भी पुलिस ने की है।

थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। घटनास्थल से कुछ साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावर पहले भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रह चुके हैं।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की बात कही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here