Crime news : सराफा व्यापारियों पर बाइक सवार बदमाशों का हमला, गोली मारकर लाखों की लूट

0
286

Crime news : सराफा व्यापारियों पर बाइक सवार बदमाशों का हमला, गोली मारकर लाखों की लूट

एमसीबी। जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरचौका साप्ताहिक बाजार के पास उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दो सराफा व्यापारियों पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। यह वारदात उस समय हुई जब व्यापारी बाजार से लौटकर अपने दोपहिया वाहन से घर जा रहे थे। घात लगाए बैठे लुटेरों ने उन्हें रोका, लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर गोली चला दी।

गोली लगने से दोनों व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। घायल व्यापारी मनेन्द्रगढ़ निवासी बताए जा रहे हैं, जो भरतपुर के हरचौका बाजार में व्यापार करने आए थे।

सूचना मिलते ही जनकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इलाके की घेराबंदी कर लुटेरों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि लुटेरों ने पहले से ही व्यापारियों की रेकी की थी और संभवतः वे स्थानीय हो सकते हैं।

घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के चलते उन्हें आगे इलाज के लिए मध्यप्रदेश के शहडोल रेफर कर दिया गया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस जंगल क्षेत्र में कांबिंग अभियान चला रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here