
युक्तियुक्तकरण में गड़बड़ी पर बीईओ मानसिंह भारद्वाज सस्पेंड, लगातार तीसरे अफसर पर गिरी गाज
जगदलपुर। शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण आदेश अब अफसरों की गले की फांस बनते जा रहे हैं। अतिशेष शिक्षकों की सूची में गड़बड़ी करने वाले अफसरों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। पहले दुर्ग, फिर जांजगीर के बाद अब जगदलपुर में बीईओ को सस्पेंड कर दिया गया है।


जगदलपुर के विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) मानसिंह भारद्वाज को कलेक्टर के निर्देश पर निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि उन्होंने युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया में भारी अनियमितताएं की थीं।
ये हैं गड़बड़ियों के मुख्य बिंदु:

- शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल नगरनार में कनिष्ठ शिक्षक को वरिष्ठ और वरिष्ठ शिक्षक को कनिष्ठ बताकर गलत गणना की गई।
- सेजेस उच्च माध्यमिक स्कूल विवेकानंद, जो कि ई संवर्ग की शाला है, उसमें टी संवर्ग और ई संवर्ग के रिक्त पदों की जानकारी गड़बड़ी के साथ दी गई।
- विकासखंड स्तरीय वरिष्ठता निर्धारण में भी गंभीर गलतियां की गईं।
- स्वीकृत व रिक्त पदों की विसंगत पूर्ण जानकारी जिलास्तरीय समिति को भेजी गई।
गड़बड़ियों की शिकायत मिलते ही कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच के बाद मानसिंह भारद्वाज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन के पश्चात उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जगदलपुर नियत किया गया है।
अब तक इस तरह की गड़बड़ियों के चलते तीन बीईओ सस्पेंड हो चुके हैं, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।




