इंदौर हत्याकांड: हनीमून के बहाने हत्या की साजिश? पत्नी सोनम यूपी से गिरफ्तार, राजा की मां ने जताई बड़ी साजिश की आशंका
इंदौर । इंदौर के राजा की मेघालय में हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में राजा की पत्नी सोनम को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया है। मेघालय पुलिस की प्रारंभिक जांच में सोनम को इस हत्याकांड में शामिल बताया गया है। डीजीपी के अनुसार, सोनम भाड़े के हत्यारों को मध्यप्रदेश से मेघालय लेकर गई थी।
घटना के बाद राजा की मां उमा रघुवंशी ने मीडिया से बातचीत में गहरे षड्यंत्र की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि राजा हनीमून के लिए तैयार नहीं था, लेकिन सोनम ने उसकी बिना जानकारी के टिकट बुक करा ली थी। राजा की मां ने कहा, “मैंने राजा से पूछा कि टिकट कब कराई, तो उसने बताया कि सोनम ने बिना बताए टिकट करा ली है और अब जाना ही पड़ेगा।”
उमा ने यह भी बताया कि जब उन्होंने एयरपोर्ट पर राजा की तस्वीर देखी जिसमें वह गले में चेन पहने था, तो उन्हें अनहोनी का डर सताने लगा। “मैंने उससे पूछा कि चेन क्यों पहनी है तो उसने कहा कि सोनम ने कहा है कि पहनकर आना। मैंने उसकी मम्मी से भी कहा कि यह खतरे की बात है। पैसे चले जाएं तो चले जाएं, लेकिन जान का खतरा न हो।”
राजा की मां ने बताया कि सोनम पर उन्हें पहले कभी शक नहीं हुआ क्योंकि वह मीठी बातें करती थी और घर में सबके साथ घुल-मिलकर रहती थी। “वह चार दिन हमारे घर रही, बहुत अच्छे से बात की, गले मिलती थी। कैसे सोचते कि ऐसा कुछ करेगी।”
सोनम और राजा की शादी के बारे में बताते हुए उमा ने कहा कि कुंडली मिलाकर विवाह तय हुआ था। “हमने कहा था एक साल बाद शादी करेंगे, लेकिन उसके पिता ने कहा कि मुहूर्त नहीं निकलेगा। अब समझ में आ रहा है कि इतनी जल्दी क्यों की गई।”
उमा रघुवंशी ने बेटी जैसे बहू द्वारा इस कृत्य को अंजाम देने पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि अगर सोनम ने ऐसा किया है तो उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सोनम से पूछताछ जारी है। जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।


