
छत्तीसगढ़ की बेटी डॉ. अंजलि पवार बनीं मिस यूनिवर्स छत्तीसगढ़ 2025, थाईलैंड में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की रहने वाली डॉ. अंजलि पवार ने पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है। उन्होंने हाल ही में आयोजित राज्य स्तरीय सौंदर्य प्रतियोगिता में मिस यूनिवर्स छत्तीसगढ़ 2025 का खिताब अपने नाम किया है। अब डॉ. अंजलि पवार आगामी मिस यूनिवर्स इंडिया प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।


यह ग्रैंड फिनाले 2 मई को झारखंड में आयोजित हुआ था, जिसमें देशभर से प्रतिभागियों ने भाग लिया। अंजलि की सुंदरता, आत्मविश्वास और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनके दृष्टिकोण ने निर्णायकों को खासा प्रभावित किया।
डेंटिस्ट से मिस यूनिवर्स तक का प्रेरणादायक सफर

डॉ. अंजलि पवार पेशे से एक डेंटिस्ट हैं। उन्होंने डेंटल सर्जरी की पढ़ाई पूरी करने के बाद रायपुर में प्रैक्टिस शुरू की। इसके साथ ही वे ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ की प्रमाणित मेडिटेशन टीचर भी हैं। उनका मानना है कि सुंदरता केवल बाहरी नहीं होती, बल्कि आंतरिक शांति और मानसिक संतुलन से भी जुड़ी होती है।
मूल रूप से मध्यप्रदेश के वारासिवनी की रहने वाली अंजलि शादी के बाद रायपुर में बस गईं। उनके पति प्रसून बोपचे एक पेशेवर इंजीनियर हैं, जो हर कदम पर उनका समर्थन करते हैं।
मानसिक स्वास्थ्य को बनाएंगी अपना मुख्य एजेंडा
डॉ. अंजलि पवार अब मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूकता फैलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनका मानना है कि मानसिक स्वास्थ्य पर समाज में फैली चुप्पी को तोड़ना जरूरी है ताकि लोग खुलकर बात कर सकें। वे चाहती हैं कि स्कूलों में भी मानसिक स्वास्थ्य को लेकर शिक्षा और चर्चा हो, और इस दिशा में वे हेल्थ ऑर्गनाइजेशन्स के साथ मिलकर काम करना चाहती हैं।
उनकी सोच और सामाजिक प्रतिबद्धता उन्हें एक परंपरागत ब्यूटी क्वीन से कहीं आगे एक चेंजमेकर के रूप में स्थापित करती है।
थाईलैंड में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
अब डॉ. अंजलि पवार नवंबर 2025 में थाईलैंड में आयोजित होने वाली मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और भारत के लिए गौरव का विषय है।
छत्तीसगढ़ की एक बेटी का वैश्विक मंच तक पहुंचना राज्य की हजारों युवतियों के लिए प्रेरणा बनेगा।




