पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज का बड़ा आरोप — “बीजेपी के इशारे पर एजेंसियां हदें पार कर रही हैं”
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने आज मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के इशारे पर सेंट्रल एजेंसियां अपनी सीमाएं लांघ रही हैं, और इसका विरोध करने पर ईडी और बीजेपी का पुतला जलाया जा रहा है।
रायगढ़ में कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई का आरोप
बैज ने कहा कि रायगढ़ में शाम को नोटिस देकर आज ही घरों को तोड़ा जा रहा है, और हजारों की संख्या में पुलिस बल तैनात कर लोगों को बेघर किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई में कांग्रेस के नेताओं को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं दूसरी ओर, बैज ने कहा कि रायपुर में तोमर बंधुओं के मकान को सरकार नहीं छू रही है, लेकिन गरीबों के घरों को ध्वस्त किया जा रहा है, जो कि सरकार की दोहरी राजनीति को दर्शाता है।
गर्मी को लेकर स्कूलों की छुट्टी की मांग
दीपक बैज ने राज्य में लगातार बढ़ती गर्मी और उमस को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए सरकार से मांग की जा रही है कि स्कूल खुलने की तारीख को आगे बढ़ाया जाए।
ट्रेन देरी और रद्द होने पर बीजेपी को ठहराया जिम्मेदार
ट्रेन सेवाओं में लगातार देरी और कैंसिलेशन को लेकर भी बैज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी की डबल इंजन सरकार इसके लिए जिम्मेदार है।


