रायपुर: हिस्ट्रीशीटर मोह. शेख हुसैन गिरफ्तार, चाकू से वार कर लूटपाट और मारपीट की थी वारदात
रायपुर – रेलवे स्टेशन स्थित पार्किंग में चाकू से हमला कर लूट और मारपीट की वारदात को अंजाम देने वाले कुख्यात हिस्ट्रीशीटर मोह. शेख हुसैन को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
घटना 14 जून 2025 की है, जब मोह. शेख हुसैन ने अपने साथियों के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन पार्किंग में तैनात एक कर्मचारी को गाली-गलौच कर मारपीट की और चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। आरोपी ने पीड़ित के पास से 10,000 रुपये की नगदी भी लूट ली थी। इस मामले में थाना जीआरपी रायपुर में अपराध क्रमांक 71/25, धारा 296, 118(2), 351(3), 309(6), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके अलावा, 12 जून 2025 को भी मोह. शेख हुसैन ने रेलवे स्टेशन पार्किंग के सामने एक ऑटो चालक से बेवजह गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की थी। इस पर थाना गंज में अपराध क्रमांक 158/25, धारा 296, 351(2), 3(5) बी.एन.एस. दर्ज किया गया था।
घटनाओं को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी करते हुए अंततः आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने न सिर्फ उसे गिरफ्तार किया, बल्कि उसके खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्रवाई की है। उसकी गिरफ्तारी की सूचना जीआरपी रायपुर को दे दी गई है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम:
मोह. शेख हुसैन पिता मोह. अब्दुल
उम्र: 26 वर्ष
निवासी: चूना भट्ठी, थाना गंज, रायपुर
बताया जा रहा है कि मोह. शेख हुसैन थाना गंज का सक्रिय हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, मारपीट, लूट, अवैध वसूली, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई जैसे करीब दो दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।


