दुर्ग-रायपुर रेल मार्ग का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण, रेल संरक्षा से लेकर यात्री सुविधाओं तक की ली जानकारी
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) तरुण प्रकाश ने शुक्रवार को दुर्ग से रायपुर के बीच रेल मार्ग का निरीक्षण किया। रायपुर पहुंचने के बाद वे पुनः दुर्ग के लिए रवाना हुए और मिडिल लाइन में 130 किमी प्रति घंटे की गति से ट्रेनों के संचालन के लिए ट्रैक का निरीक्षण किया। रायपुर से दुर्ग लौटते समय उन्होंने अप लाइन का गहन निरीक्षण किया।
रायपुर रेलवे स्टेशन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए जीएम तरुण प्रकाश ने कहा कि रायपुर रेल मंडल में वंदेभारत और एलएचबी कोच वाली अन्य ट्रेनों की गति में वृद्धि हुई है। उन्होंने स्टेशन के विकास कार्य, रखरखाव और यात्री सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने पश्चिम विधायक राजेश मूणत और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय से भी मुलाकात की।
विधायक राजेश मूणत ने प्लेटफार्म नंबर 1 से 7 तक अंडर ब्रिज निर्माण की मांग रखी।
वहीं, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने रायपुर-इंदौर सीधी ट्रेन की आवश्यकता और रेलवे भूमि से जुड़े फर्जीवाड़ों की जानकारी दी, जिस पर जीएम ने जांच का आश्वासन दिया।
निरीक्षण की प्रमुख बातें:
सुबह 9:30 बजे दुर्ग स्टेशन से निरीक्षण की शुरुआत हुई।
दुर्ग कोचिंग डिपो, मेकेनाइज्ड लॉन्ड्री, रेलवे कॉलोनी, रनिंग रूम, आरआरआई, चौथी लाइन का निर्माण, ओएचई डिपो, माइनर ब्रिज, लेवल क्रॉसिंग, ऑटो हट और अन्य ढांचागत सुविधाओं का गहन परीक्षण किया गया।
मेकेनाइज्ड लॉन्ड्री में चादर-कंबल की सफाई व्यवस्था की सराहना की गई।
नवनिर्मित रनिंग रूम भवन का उद्घाटन कर कर्मचारियों के लिए बेहतर विश्राम व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
भिलाई और दुर्ग में भी हुआ गहन निरीक्षण:
दुर्ग सांसद विजय बघेल ने जीएम से रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा की।
भिलाई नगर और भिलाई पावर हाउस स्टेशनों पर ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत चल रहे कार्यों की गुणवत्ता पर फोकस किया गया।
भिलाई स्टेशन में यात्री सुविधाओं और संरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस दौरान विधायक डोमन लाल कोसरेवाड़ा ने भी यात्री हितों पर अपनी बात रखी।
कुम्हारी-सरोना सेक्शन में ट्रैक मेंटेनेंस टीम से संवाद कर जीएम ने उनकी चुनौतियों और संसाधनों की जानकारी ली। निरीक्षण में बिलासपुर मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक दयानंद, विभिन्न शाखा अधिकारी और पर्यवेक्षक मौजूद रहे।


