बड़ी खबर : राजधानी रायपुर में धर्मांतरण को लेकर बवाल, बजरंगदल का प्रदर्शन, पास्टर समेत चार पर FIR
रायपुर। प्रदेश के सुदूर इलाकों के बाद अब राजधानी रायपुर में भी धर्मांतरण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में शुक्रवार को धर्मांतरण की सूचना पर बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने शनि मंदिर के पास दिशा कॉलेज रोड पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। बजरंगदल की शिकायत पर पुलिस ने पास्टर अमित सिंह, केशव महानंद, दुर्गेश महानंद और महेंद्र महानंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। साथ ही डेढ़ सौ से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
बजरंगदल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पास्टर अमित सिंह ने हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि इससे पहले नवरात्रि के दौरान निकलने वाले पारंपरिक सांग बाणा जुलूस को एक समुदाय विशेष द्वारा रोका गया था और मंदिर में आरती के दौरान साउंड बॉक्स के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई गई थी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। राजधानी में सामने आया यह मामला धर्मांतरण और धार्मिक भावनाओं को लेकर एक नई बहस को जन्म दे रहा है।


