Weather update : छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय, रायपुर में तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर में गुरुवार देर रात से शुक्रवार सुबह तक रुक-रुक कर तेज बारिश होती रही, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। लगातार हो रही बारिश की वजह से शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश के लिए अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि शेष 31 जिलों के लिए सिर्फ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो शुक्रवार को प्रदेश के 24 से अधिक जिलों के 69 स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई। औसतन 25.51 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। इस बीच तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। दुर्ग में सबसे अधिक तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे कम रहा।
राज्य में मानसून की चाल को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर आपदा प्रबंधन दलों को अलर्ट मोड में रखा गया है।


