राजधानी होटल के कमरे में युवक ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में मानसिक परेशानी का जिक्र
रायपुर। राजधानी रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र स्थित एक होटल में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बालोद निवासी उमेश पिता गेंदलाल के रूप में हुई है। उमेश ने अपने सुसाइड नोट में आत्महत्या के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है, लेकिन मानसिक रूप से परेशान होने की बात जरूर लिखी है।
जानकारी के मुताबिक, उमेश ने 30 जून को होटल सेंट्रल की पहली मंजिल पर दोपहर में कमरा बुक कराया था। शाम करीब 7 बजे वह थोड़ी देर के लिए कमरे से बाहर निकला, फिर वापस अंदर चला गया और उसके बाद कमरे से बाहर नहीं निकला।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर बरामद की लाश
दो दिन तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत आमानाका थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर युवक की लाश पंखे से रस्सी के सहारे लटकी मिली।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उमेश ने खुद को मानसिक रूप से परेशान बताया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।


