
रायपुर में जलापूर्ति पाइप फटने से मचा हड़कंप, रिंग रोड-1 पर जलभराव से यातायात प्रभावित
लाखों लीटर पानी सड़कों पर बहा, अफरा-तफरी का माहौल; स्थानीय नागरिकों की बढ़ी परेशानी
रायपुर: राजधानी के सबसे व्यस्तम क्षेत्रों में से एक रिंग रोड नंबर 1 पर शनिवार को एक गंभीर और चिंताजनक हादसा हुआ, जब शहर की जलापूर्ति व्यवस्था का मुख्य पाइप अचानक फट गया। पाइप लाइन फटते ही लाखों लीटर पानी तेज बहाव के साथ सड़कों पर फैल गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


तेज बहाव के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। कई वाहन चालकों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा। वहीं, आसपास के दुकानदार और स्थानीय निवासी पानी के सड़क में भर जाने से काफी परेशान नजर आए।
नगर निगम और जल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुट गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, पाइप फटने के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही जलापूर्ति बहाल करने की कोशिश की जा रही है।

स्थानीय नागरिकों ने इस प्रकार की तकनीकी लापरवाही पर सवाल उठाते हुए संबंधित विभागों से जवाबदेही की मांग की है।




