
‘द कॉस्बी शो’ फेम मैल्कम-जमाल वार्नर का निधन,
कोस्टा रिका। ‘द कॉस्बी शो’ में थियो हक्सटेबल का यादगार किरदार निभाकर दुनियाभर में लोकप्रिय हुए अमेरिकी अभिनेता मैल्कम-जमाल वार्नर का 54 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। वे अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने कोस्टा रिका गए हुए थे, जहां 20 जुलाई 2025 को समुद्र में डूबने से उनकी मौत हो गई।


कोस्टा रिका के न्यायिक जांच विभाग (OIJ) ने पुष्टि की है कि यह हादसा लिमोन प्रांत के प्लाया ग्रांडे डे कोकल्स समुद्र तट पर रविवार दोपहर करीब 2:00 से 2:30 बजे के बीच हुआ। मैल्कम जब समुद्र में तैर रहे थे, तब अचानक तेज समुद्री धाराओं ने उन्हें गहरे पानी में खींच लिया।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन रेड क्रॉस की टीम जब मौके पर पहुंची, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
रेड क्रॉस कर्मियों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, उनकी मृत्यु का कारण “जलमग्नता के कारण दम घुटना” बताया गया है। उनका पार्थिव शरीर कोस्टा रिका के हेरेडिया शहर स्थित सैन जोकिन डे फ्लोरेस के न्यायिक मुर्दाघर भेजा गया है।
हॉलीवुड और फैंस में शोक की लहर
मैल्कम-जमाल वार्नर की मौत की खबर से हॉलीवुड समेत दुनियाभर में शोक की लहर दौड़ गई है।
1970 में न्यू जर्सी में जन्मे मैल्कम ने महज 9 साल की उम्र में अभिनय की शुरुआत की थी।
उन्हें 1984 में ‘द कॉस्बी शो’ से अपार प्रसिद्धि मिली और इस शो के लिए 1986 में एमी अवॉर्ड में नामांकन भी मिला था।

इसके बाद उन्होंने ‘मैल्कम एंड एडी’, ‘रीड बिटवीन द लाइन्स’ जैसे कई टीवी शोज़ में भी शानदार अभिनय किया और खुद को बहुमुखी कलाकार के रूप में स्थापित किया।
उनकी असमय मृत्यु से टीवी और सिनेमा जगत को गहरा आघात पहुंचा है।




