
Raipur police : तेज रफ्तार और नशे में गाड़ी चलाने वालों पर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, नवा रायपुर में देर रात तक चला चेकिंग अभियान
रायपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. प्रशांत शुक्ला और उप पुलिस अधीक्षक सतीश ठाकुर के नेतृत्व में नवा रायपुर क्षेत्र में देर रात तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान विशेष रूप से उन क्षेत्रों में केंद्रित था जहाँ खाली सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों के चलते दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं, जैसे कि स्टेडियम टर्निंग और माना विमानतल तिराहा।


अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने तेज रफ्तार और नशे में धुत वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की। इस अभियान में 5 वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिन पर मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्यवाही की गई। इसके अलावा 59 कारों और 6 मोटरसायकलों पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने के आरोप में ई-चालान जारी किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि नवा रायपुर क्षेत्र में सड़क हादसों को रोका जा सके।

पुलिस की नागरिकों से अपील
रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि नवा रायपुर की खाली सड़कों पर तेज गति से वाहन न चलाएं और न ही नशे की हालत में वाहन चलाएं। युवा पीढ़ी की अनमोल जानें अनियंत्रित गति के कारण असमय जा रही हैं। केवल चालान काटने से दुर्घटनाएं नहीं रुक सकतीं, इसके लिए लोगों को स्वयं यातायात नियमों का पालन करना होगा। मोटरसायकल चालकों को विशेष रूप से हेलमेट पहनने की सलाह दी गई है, जिससे वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।




