
श्रीनगर के हरवान में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, ऑपरेशन महादेव में 2–3 आतंकी ढेर
श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर: राजधानी श्रीनगर के हरवान इलाके में स्थित दचिगाम राष्ट्रीय उद्यान के पास सोमवार को आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में शुरुआती जानकारी के अनुसार 2 से 3 आतंकवादियों के मारे जाने की खबर है।


सेना की चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर “ऑपरेशन महादेव” के तहत जानकारी साझा करते हुए बताया,
“लिडवास के सामान्य क्षेत्र में संपर्क स्थापित हो गया है। ऑपरेशन जारी है।”
अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर शुरू की गई थी। हरवान के मुलनार इलाके में सुरक्षा बलों ने आतंकवाद विरोधी अभियान छेड़ा था। तलाशी अभियान के दौरान अचानक कुछ दूरी से गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिससे मुठभेड़ की पुष्टि हुई।

घटना के बाद सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियों को मौके पर भेजा गया और पूरे इलाके को घेरते हुए तलाशी अभियान तेज कर दिया गया। अब तक की जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ में दो से तीन आतंकवादी मारे जा चुके हैं, हालांकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
इलाके में ऑपरेशन अभी भी जारी है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। दचिगाम जैसे संवेदनशील क्षेत्र के पास मुठभेड़ होना सुरक्षा दृष्टिकोण से गंभीर माना जा रहा है।




