
बिजपिच 2.0: स्कूल छात्रों ने दिखाया स्टार्टअप का जज़्बा, यंग इंडियंस रायपुर और कांगेर वैली एकेडमी का सफल आयोजन
रायपुर – यंग इंडियंस रायपुर चैप्टर ने कांगेर वैली एकेडमी के सहयोग से बिजपिच 2.0 का भव्य और सफल आयोजन किया। यह इंटर स्कूल स्टार्टअप पिच प्रतियोगिता कक्षा 8वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए आयोजित की गई, जिसमें 24 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपने नवाचारी और व्यावसायिक विचार प्रस्तुत किए।


प्रतियोगिता को जूनियर वर्ग (कक्षा 8–10) और सीनियर वर्ग (कक्षा 11–12) में विभाजित किया गया था। छात्रों ने नेतृत्व क्षमता, समाधान खोजने की योग्यता और रचनात्मक सोच का परिचय देते हुए अपने-अपने स्टार्टअप आइडियाज़ प्रस्तुत किए।
यंग इंडियंस रायपुर के चेयर गौरव अग्रवाल और को-चेयर पंकज सोमानी ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा,
“बिजपिच का उद्देश्य छात्रों में कम उम्र से ही उद्यमिता की सोच को बढ़ावा देना है। यह मंच उन्हें अपने विचार प्रस्तुत करने, उद्योग विशेषज्ञों से मार्गदर्शन पाने और संभावित फंडिंग के अवसरों से जुड़ने का सशक्त माध्यम प्रदान करता है।”

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग निदेशक श्री प्रभात मलिक थे, जिन्होंने छात्रों को प्रेरणादायक उद्बोधन दिया और उन्हें नवाचार के लिए प्रोत्साहित किया। श्री संजय जैन (चेयरमैन, केवीए) और श्री स्वरूपचंद जैन की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के जज की भूमिका यंग इंडियंस के सदस्य रितेश गांडेचा, आलोक अग्रवाल और संजना बघेल ने निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों के आइडियाज का गहन मूल्यांकन करते हुए विजेताओं की घोषणा की।
प्रतिभागी स्कूलों में ब्राइटन स्कूल, एनएच गोयल वर्ल्ड स्कूल, कांगेर वैली अकैडमी, भवंस, आर.के. सारडा, कृष्णा पब्लिक स्कूल और आरंभ स्कूल सहित अन्य प्रमुख विद्यालय शामिल थे।
यंग इंडियंस रायपुर, जो 2012 से प्राथमिक शिक्षा, युवा नेतृत्व विकास और दिव्यांग छात्रों के लिए समावेशी पहलों जैसे क्षेत्रों में राष्ट्र निर्माण हेतु सक्रिय है, ने इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को भविष्य के उद्यमियों के रूप में मंच प्रदान किया। इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित करने में एंटरप्रेन्योरशिप वर्टिकल से आदित्य अग्रवाल, शुभम सोमानी और तरणबीर सिंह की विशेष भूमिका रही।




