शपथ से पहले बोलीं डॉ. ईला गुप्ता , महिलाओं को बनाएंगी सशक्त, पांच बिंदुओं पर करेंगी कार्य
हर 15 दिन में लगेगा महिलाओं का व्यापार मेला
रायपुर। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की महिला चेंबर अब महिलाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में बड़ी पहल करने जा रही है। “हमारे सपने” थीम पर आधारित इस अभियान के तहत शनिवार को दोपहर 11.30 बजे चेंबर कार्यालय – चै. देवीलाल व्यापार उद्योग भवन, बाम्बे मार्केट में डॉ. ईला गुप्ता अध्यक्ष, नम्रता अग्रवाल महामंत्री और मनीषा तारवानी कोषाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी पदभार ग्रहण करेंगे।
पदभार ग्रहण से पहले शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. ईला गुप्ता ने कहा कि उनका कार्यकाल भले ही तीन वर्षों का हो, लेकिन इस दौरान वे महिलाओं को इतनी सशक्त बनाना चाहती हैं कि वे आत्मनिर्भर हो सकें और कानून की समझ रखते हुए समाज में अपने हक की आवाज बुलंद कर सकें।
उन्होंने बताया कि दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर में पहले ही महिला चेंबर का गठन किया जा चुका है और अब इसका विस्तार पूरे छत्तीसगढ़ में किया जाएगा, ताकि महिलाएं समूह बनाकर अपने उत्पादों को बाजार में आसानी से बेच सकें।
डॉ. गुप्ता ने घोषणा की कि रायपुर के चेंबर भवन में हर 15 दिन में महिला व्यापार मेला आयोजित किया जाएगा, जहां महिलाएं अपने उत्पादों की बिक्री कर सकेंगी। इसके माध्यम से वे न केवल आत्मनिर्भर बनेंगी बल्कि व्यापारिक नेटवर्किंग में भी आगे बढ़ेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक रूप से महिला चेंबर पांच बिंदुओं पर काम करेगा, जिनमें महिलाओं को कानूनी जानकारी देना, व्यवसायिक मार्गदर्शन, नेटवर्किंग सहयोग, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक नेतृत्व की क्षमता विकसित करना शामिल है।
इसी के तहत शपथ ग्रहण से पहले महिलाओं के लिए एक विशेष कानूनी जागरूकता कार्यशाला का आयोजन भी किया गया है।
पत्रकार वार्ता में महामंत्री नम्रता अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनीषा तारवानी, पूर्व चेंबर अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी, चेतन तारवानी सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि महिला चेंबर का उद्देश्य केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर उन्हें निर्णय लेने में सक्षम बनाना भी है। उन्होंने कहा, “महिला सशक्तिकरण का सही अर्थ उन्हें सीखने, काम करने और नेतृत्व करने की स्वतंत्रता देना है।”
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं को समान अधिकार, अवसर और सम्मान मिलना चाहिए। आज भी कई महिलाएं भेदभाव और असमानता का सामना कर रही हैं, लेकिन अब समय बदल रहा है। महिलाएं घर की सीमाओं से बाहर निकलकर सफलता के नए शिखरों को छू रही हैं और समाज में नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं।
डॉ. ईला गुप्ता, अध्यक्ष, महिला चेंबर ने कहा “महिलाओं का आत्मनिर्भर बनना न सिर्फ उन्हें सशक्त बनाएगा, बल्कि उनके परिवार और समाज को भी एक नई दिशा देगा।”


