मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्री नारायणा हॉस्पिटल में अत्याधुनिक ओ-एआरएम विथ एआई नेविगेशन मशीन का किया शुभारंभ
स्वास्थ्य क्षेत्र में तेजी से सुदृढ़ हो रही बुनियादी व्यवस्थाएँ, छत्तीसगढ़ के साथ आसपास के राज्यों के मरीजों को भी मिलेगा लाभ

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित श्री नारायणा हॉस्पिटल में स्पाइन चिकित्सा हेतु अत्याधुनिक ओ-एआरएम विथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस नेविगेशन मशीन का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार ने केवल 20 माह के अल्प कार्यकाल में गांव से लेकर शहरों तक स्वास्थ्य क्षेत्र की बुनियादी व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया है। इसका परिणाम है कि प्रदेश के स्वास्थ्य केंद्रों को लगातार उच्च स्तरीय गुणवत्ता प्रमाण पत्र प्राप्त हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ एवं अंबिकापुर में 100-100 बिस्तरों वाले नए अस्पतालों की स्थापना हेतु देश की प्रतिष्ठित संस्था अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के साथ एमओयू किया गया है। आम जनता को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के तहत आमजन को 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है। पहले ग्रामीण अंचल के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु कर्ज लेना या जमीन बेचनी पड़ती थी, परंतु अब आयुष्मान कार्ड के माध्यम से बड़े से छोटे अस्पतालों तक निःशुल्क इलाज संभव हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए वेलनेस सेंटरों और जेनरिक दवाओं की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने श्री नारायणा हॉस्पिटल को इस अत्याधुनिक मशीन की स्थापना के लिए बधाई देते हुए कहा कि इसका लाभ केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि आसपास के राज्यों से आने वाले मरीजों को भी मिलेगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और श्री नारायणा हॉस्पिटल की टीम को शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा, विधायक श्री किरण देव, श्री मोती लाल साहू, रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुब्बीर मुखर्जी, श्री नारायणा हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. सुनील खेमका सहित हॉस्पिटल समूह के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


